28 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

मुख्यमंत्री ने देवरिया में सलेमपुर और भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों की 305 करोड़ रु0 लागत की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Must read

देवरिया विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा, यहां की कनेक्टिविटी
बेहतर हो रही, सिंगल लेन की सड़क डबल लेन में, डबल लेन की सड़क फोर
लेन में और फोर लेन की सड़क सिक्स लेन में परिवर्तित हो रहा : मुख्यमंत्री
ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत बेसिक शिक्षा के विद्यालयों का
कायाकल्प कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को आगे बढ़ाया जा रहा
देवरिया अपनी आध्यात्मिक विरासत तथा देश में
राष्ट्रवादी अलख को आगे बढ़ाने के लिए जग विख्यात
जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते तो अच्छी सरकारें
आती, अच्छी सरकारें आती तो परिणाम भी अच्छे आते
आज देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर मेडिकल कॉलेज
आज उ0प्र0 अपने नाम के अनुरूप बन चुका, अब उ0प्र0
को कोई बीमारू राज्य तथा प्रश्न प्रदेश नहीं कहता
बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले माफियाओं पर
प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेन्स नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की गई
03 करोड़ युवा प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 और ओ0डी0ओ0पी0
के माध्यम से स्वरोजगार सृजन कर रोजगार प्राप्त कर रहे
प्रदेश सरकार ने 25 लाख टैबलेट का पुनः ऑर्डर दिया, स्नातक फाइनल ईयर के प्रत्येक विद्यार्थी को बिना भेदभाव टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा
सलेमपुर और भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं के
अन्तर्गत सड़क, विद्यालय, चिकित्सालय तथा विभिन्न प्रकार की योजनाएं
शामिल, जो कनेक्टिविटी में गति देंगी और विकास को आगे बढ़ाएंगी
लखनऊ : 29 अगस्त, 2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि आज देवरिया विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। यहां की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। यहां बाईपास तथा फ्लाईओवर बन रहे हैं। सिंगल लेन की सड़क डबल लेन में, डबल लेन की सड़क फोर लेन में और फोर लेन की सड़क सिक्स लेन में परिवर्तित हो रही है। कम्पोजिट विद्यालय व कस्तूरबा गांधी विद्यालय का उच्चीकरण हो रहा है। नौजवानों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है। ऑपरेशन कायाकल्प के अन्तर्गत बेसिक शिक्षा के विद्यालयों का कायाकल्प कर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद देवरिया में सलेमपुर और भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों की 305 करोड़ रुपये लागत की 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, प्रमाण पत्र, चाभी, नियुक्ति पत्र आदि प्रदान किए। इसके पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगायी गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा स्कूली बच्चों को चॉकलेट प्रदान किए। कार्यक्रम के दौरान जनपद देवरिया की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
मुख्यमंत्री जी ने बाबा दुग्धेश्वर नाथ को नमन करते हुए कहा कि देवरिया अपनी आध्यात्मिक विरासत तथा देश में राष्ट्रवादी अलख को आगे बढ़ाने के लिए जग विख्यात रहा है। देवरिया भारत की वह भूमि है, जिसने विदेशी दासता के खिलाफ भारत की लड़ाई को अनवरत आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया। आजादी के बाद जिस देवरिया की लगातार उपेक्षा होती रही, डबल इंजन सरकार आने के पश्चात प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी और दूरदर्शी नेतृत्व में उसी देवरिया में विकास के नए प्रतिमान स्थापित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देवरिया में मेडिकल कॉलेज के बारे में कोई नहीं सोचता था, लेकिन आज देवरिया में महर्षि देवरहा बाबा के नाम पर मेडिकल कॉलेज है। महर्षि देवरहा बाबा की आध्यात्मिक साधना लोक कल्याण और राष्ट्र कल्याण के लिए थी। यह वही देवरिया है, जहां पूज्य राघव बाबा ने श्रीराम जन्मभूमि आन्दोलन में कहा था कि राम हमारी आन-बान-शान के प्रतीक हैं। वह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे, लेकिन श्रीराम जन्मभूमि के आन्दोलन में तत्कालीन सरकार की तुष्टीकरण की नीति का विरोध करते थे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जब अच्छे जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं तो अच्छी सरकारें आती हैं और अच्छी सरकारें आती हैं तो परिणाम भी अच्छे आते हैं। यह विकास, समृद्धि और रोजगार उन जनप्रतिनिधियों के परिश्रम और पुरुषार्थ का परिणाम है, जिन्हें जनता ने चुनकर भेजा है। वर्ष 2017 के पहले प्रदेश में सुरक्षा तथा सम्मान का वातावरण नहीं था। यहां के युवाओं के लिए रोजगार का आभाव था। गरीब को आवास तथा शौचालय की सुविधा तथा रसोई गैस का कनेक्शन नहीं मिल पाता था। बिजली नहीं आती थी, सड़कें नहीं थीं, स्कूल नकल के अड्डे बन गए थे। बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों की जर्जर हालत उस समय की सरकारों की जड़ता का प्रमाण प्रस्तुत करती थी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 15 जुलाई से 15 नवम्बर तक देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और बस्ती में जापानी इन्सेफेलाइटिस अर्थात मस्तिष्क ज्वर का भय और दहशत का माहौल रहता था। प्रत्येक माता-पिता अपने मासूम बच्चे की चिंता के लिए हमेशा भय के साए में जीने को मजबूर थे। यह बीमारी नहीं, बल्कि उस समय की सरकारों की बीमार मानसिकता थी। 40 वर्षों में 50,000 से अधिक मासूमों की मृत्यु हुई। अब जुलाई, अगस्त, सितम्बर, अक्टूबर या नवम्बर आए, किसी माँ या पिता को अपने मासूम की चिंता नहीं करनी है, क्योंकि यह डबल इंजन की सरकार है। वह बच्चा उन्हीं का बच्चा नहीं, उस पर हमारा भी अधिकार है। उस बच्चे के जीवन को बचाने की हमारी भी जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार ने इस जिम्मेदारी का सकुशल निर्वहन किया है। माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई से लेकर इन्सेफेलाइटिस और मस्तिष्क ज्वर की बीमारी को सदैव के लिए समाप्त किया है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपने नाम के अनुरूप बन चुका है। अब उत्तर प्रदेश को कोई बीमारू राज्य तथा प्रश्न प्रदेश नहीं कहता है। आज उत्तर प्रदेश में कोई प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता। अब उत्सव के पहले उपद्रव और दंगा-फसाद नहीं होता। आज प्रदेश की ऐसी छवि बनी है कि देश-दुनिया में यदि कोई व्यक्ति सुन ले कि सामने वाला उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, तो वह उसे सम्मान देता है। बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले माफियाओं पर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेन्स नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है। अब वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया नहीं, बल्कि वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज है। इसी क्रम में देवरिया और कुशीनगर में भी मेडिकल कॉलेज हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यही सुशासन है, जब गरीब को बिना मांगे राशन, बिजली, आवास और शौचालय मिल जाए तथा नौजवान को बिना कुछ कहे रोजगार मेले और सरकारी नौकरी के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्राप्त हो जाए। 16 करोड़ लोगों को राशन दिया जा रहा है। लखनऊ में बैठकर स्क्रीन के माध्यम से राशन वितरण की निगरानी की जाती है। यदि किसी गांव में राशन में घटतौली का प्रयास हो रहा है, तो तत्काल कार्रवाई की जाती है। विगत 09 वर्षों में लगभग 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। लगभग 03 करोड़ युवा प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 और ओ0डी0ओ0पी0 के माध्यम से स्वरोजगार सृजन कर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। बेहतर सुरक्षा का वातावरण बनने का परिणाम है कि अब उद्योग लग रहे हैं और उन्हीं उद्योगों में स्थानीय नौजवान रोजगार और नौकरी प्राप्त कर रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 02 करोड़ नौजवानों को टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। 50 लाख से अधिक नौजवान टैबलेट प्राप्त कर चुके हैं। 25 लाख टैबलेट का फिर से ऑर्डर दिया गया है। स्नातक फाइनल ईयर के प्रत्येक विद्यार्थी को बिना भेदभाव टैबलेट उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें गवर्नमेंट कॉलेज, मान्यता प्राप्त प्राइवेट कॉलेज, सेल्फ फाइनेन्स ऐडेड कॉलेज, नर्सिंग, फॉर्मेसी और इन्जीनियरिंग कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज सरकारी नौकरियों में किसी प्रकार की सेंध नहीं लगती है। पुलिस भर्ती में देवरिया का नौजवान भी भर्ती हो रहा है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षाओं में यहां के नौजवान सफलता प्राप्त कर रहे हैं। आज जगह-जगह नौकरियां निकल रही हैं। अब तक 9.50 लाख नौजवान सरकारी नौकरी प्राप्त कर चुके हैं। जल्द ही 01 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसमें 32,000 पुलिस भर्ती तथा 4,000 सब-इंस्पेक्टर के हैं। इस प्रकार 36,000 केवल पुलिस से सम्बन्धित हैं। 45,000 होमगार्ड के जवानों की भर्ती हो रही है, जिसका फाइनल रिजल्ट आ चुका है और स्क्रीनिंग की कार्यवाही चल रही है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में 30,000 नौजवानों को सरकारी अलग-अलग विभागों में नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम लग चुके हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शीघ्र ही शिक्षकों की भर्ती के कार्यक्रम किए जाएंगे। यू0पी0टी0ई0टी0 की परीक्षा में 13 लाख युवाओं ने सफलता प्राप्त की है। उनकी भर्ती का अधियाचन जा चुका है। इसका विज्ञापन जारी होने वाला है और जल्दी ही उन युवाओं के लिए नौकरी का खजाना खुलने वाला है। जो युवा अपना स्वरोजगार स्थापित करना चाहता है, उसके लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान संचालित है। प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर युवाओं को डिजिटल एंटरप्रेन्योर के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि रक्षाबन्धन के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में तीन दिन की विशेष सुविधा दी गई है। हर बेटी, बहन और माता को एक सहयात्री के साथ निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विगत 02 दिनां में लाखों महिलाओं ने निःशुल्क यात्रा का लाभ उठाया। आज भी यात्रा निःशुल्क जारी है। कल से 60 वर्ष से ऊपर की प्रत्येक माता को भी निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्राप्त हो जाएगी। यह सुविधा जनता-जनार्दन को दी जा रही है। टैक्स का पैसा जनता का है और जो जनता को रिटर्न किया जा रहा है। यह सुविधा किसी अल्पसंख्यक या बहुसंख्यक को नहीं, बल्कि प्रत्येक माता को जाति, क्षेत्र तथा भाषा में भेदभाव किए बिना दी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि परिवर्तन लाने के लिए इच्छाशक्ति होनी चाहिए। जब कोई मुख्यमंत्री 16 से 18 घण्टे मेहनत करेगा, तभी सुरक्षा दे पाएगा और परिवर्तन ला पाएगा। जब विधायक मेहनत करते हैं, तब प्रस्ताव लेकर आते हैं। देवरिया के सभी कार्य स्वीकृत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विधायक भाटपार रानी द्वारा विधानसभा क्षेत्र में आर0ओ0बी0/फ्लाईओवर के सम्बन्ध में रखे गए प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है। दुग्धेश्वर नाथ मन्दिर के लिए भी धनराशि उपलब्ध कराई गई है। यह हमारी विरासत है। बाबा का आशीर्वाद प्राप्त होता है तो उत्तर प्रदेश सुख और चैन की नींद सोता है और हर एक घर में खुशहाली आती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की जनता के पैसे का उपयोग जनता की खुशहाली और विकास के लिए होना चाहिए। उन्होंने जे0पी0एन0आई0सी0 (जयप्रकाश नारायण इण्टरनेशनल सेण्टर) का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी प्रारम्भिक लागत 200 करोड़ रुपये थी, जबकि पूर्ववर्ती सरकार ने 864 करोड़ रुपये खर्च कर दिए और इसके बाद भी यह अधूरा था। प्रदेश के खजाने के पैसे से युवाओं को रोजगार और नौकरी मिल सकती थी, गांवों की कनेक्टिविटी के लिए हाईवे और फ्लाईओवर बन सकते थे, अच्छे विश्वविद्यालय और इनोवेशन सेण्टर बन सकते थे। लेकिन इस पैसे का इस्तेमाल अन्य कार्यों के लिए किया गया। यदि आज उस पर सरकार पैसा लगाएगी तो कम से कम 150 से 200 करोड़ रुपये और खर्च करने पड़ सकते हैं। सरकार ने व्यवस्था प्रारम्भ की है, ताकि जो पैसा खर्च हुआ है, वह सरकार के खजाने में वापस आए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यह सब अच्छी सोच की सरकार आने से सम्भव हो पाता है। सलेमपुर और भाटपार रानी विधान सभा क्षेत्रों की विकास परियोजनाओं के अन्तर्गत सड़क, विद्यालय, चिकित्सालय तथा विभिन्न प्रकार की योजनाएं शामिल हैं, जो कनेक्टिविटी में गति देंगी और विकास को आगे बढ़ाएंगी। इनसे युवाओं की आकांक्षाओं की पूर्ति होगी तथा अन्नदाता किसानों के जीवन में खुशहाली लाने का कार्य होगा।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए देवरिया जिले में विकास को नई गति दी है। सलेमपुर विधान सभा क्षेत्र में भी विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जा रहा है। पहले देवरिया-सलेमपुर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन आज सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण से आवागमन सुगम हुआ है। विद्युत व्यवस्था में भी व्यापक सुधार हुआ है। किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही कृषि क्षेत्र में भी सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव आया है। आज सभी वर्गों के लोग अपने त्योहार शान्तिपूर्ण एवं उत्साह के साथ मना रहे हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कानून सभी के लिए समान है और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाएगा। केन्द्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
ग्राम्य विकास एवं समग्र ग्राम्य विकास तथा ग्रामीण अभियन्त्रण राज्य मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में सलेमपुर विधान सभा क्षेत्र में विकास को नई गति मिली है। सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और अन्य मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार कार्य हुए हैं। प्रदेश सरकार ने सलेमपुर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। विभिन्न विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन सुविधाएं बेहतर हुई हैं। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार कई अन्य सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि सलेमपुर सहित पूरे पूर्वांचल में विकास कार्यों को और गति दी जाए तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।
     कार्यक्रम को विधायक श्री सभाकुंवर, डॉ0 शलभ मणि त्रिपाठी, श्री सुरेन्द्र चौरसिया तथा श्री दीपक कुमार मिश्र शाका ने भी सम्बोधित किया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article