33 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

पाइपलाइन खुदाई बनी मुसीबत, खुले गड्ढों से हादसे का खतरा

Must read

नवाबगंज के मोहम्मदाबाद रोड पर नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य ने स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ठेकेदार की लापरवाही के चलते सड़क किनारे खोदे गए गहरे गड्ढे खुले पड़े हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। सड़क की हालत खराब होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात पाइपलाइन डालने के लिए मोहम्मदाबाद रोड पर अचानक खुदाई शुरू कर दी गई। सुबह जब स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर खतरनाक गड्ढे देखे, तो उन्होंने तत्काल क्षेत्रीय सभासदों को इसकी सूचना दी। मौके की गंभीरता को देखते हुए सभासद कुलदीप राजपूत, अनिल शाक्य और अमन राठौर घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सभासदों ने सड़क किनारे खुले गड्ढों को लेकर नाराजगी जताई और इसे लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रमोद कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही ईओ मौके पर पहुंचे और हालात को देखते हुए ठेकेदार को तत्काल काम बंद करने का निर्देश दिया।

बताया जा रहा है कि शुरुआत में ठेकेदार ने अधिकारी के आदेश को नजरअंदाज करते हुए काम जारी रखा। इस पर अधिशासी अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए भुगतान रोकने की चेतावनी दी। प्रशासन की कड़ी चेतावनी के बाद ठेकेदार ने काम तो बंद कर दिया, लेकिन गड्ढों को भरने का काम अब तक पूरा नहीं कराया गया है। इससे सड़क पर खतरा लगातार बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय खुले गड्ढे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। खुदाई के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए और लापरवाह ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article