फर्रुखाबाद। शहर के लाल गेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड पर 9 मई को होने वाले वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए महाराणा प्रताप के वंशजों, क्षत्रिय समाज तथा आयोजकों ने पूरी ताकत झोंक दी है। गुरुवार रात से लेकर शुक्रवार दोपहर तक कार्यक्रम स्थल पर लगातार तैयारियों का दौर चलता रहा।
समारोह स्थल को आकर्षक बनाने के लिए साफ-सफाई, सजावट और मंच निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। वहीं बड़ी संख्या में समाज के लोग भी तैयारियों में जुटे दिखाई दिए। कार्यक्रम को लेकर युवाओं और समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
इस बीच प्रतिमा स्थल के सामने लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया है। बरसात के दौरान प्रतिमा के सामने पानी भर जाने से लोगों को काफी परेशानी होती थी और समारोह की तैयारियों के बीच यह मुद्दा प्रमुख रूप से सामने आया। जिस पर प्रशासन और आयोजकों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जल निकासी के लिए निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।
शुक्रवार को मजदूर और मशीनें मौके पर लगातार कार्य करती नजर आईं। नाला निर्माण और सड़क समतलीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है ताकि अनावरण समारोह के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आयोजकों का कहना है कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं बल्कि राष्ट्र गौरव, स्वाभिमान और बलिदान के प्रतीक हैं, इसलिए उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को लेकर सतर्क नजर आ रहा है। शहर में जगह-जगह महाराणा प्रताप के पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं, जिससे पूरा माहौल महाराणा प्रतापमय दिखाई देने लगा है।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण को लेकर तैयारियां तेज, जलभराव से निजात दिलाने को शुरू हुआ निर्माण कार्य


