– फरार आरोपियों पर इनाम की तैयारी, कई जिलों में दबिश
लखनऊ। निवेश का झांसा देकर कथित रूप से अपहरण और 5 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। मामले में नाम सामने आने के बाद से आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिसके चलते अब उनके खिलाफ इनाम घोषित किए जाने की तैयारी की जा रही है।
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार मामले में नामजद कमता चौकी प्रभारी मोहित और सीआरपीएफ के दरोगा जय प्रकाश पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। दोनों आरोपी घटना के खुलासे के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। इनके अलावा नामजद आरोपी आनंद दुबे की तलाश भी जारी है, लेकिन उसका सही और सत्यापित पता न मिलने के कारण जांच एजेंसियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस टीमों ने मोहित की तलाश में मुजफ्फरनगर स्थित संभावित ठिकानों पर दबिश दी है, जबकि जय प्रकाश की गिरफ्तारी के लिए गाजीपुर में छापेमारी की जा रही है। इसके बावजूद अब तक कोई आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।
मामले में गिरफ्तार सिपाही पूर्ण सिंह से पूछताछ के बाद कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस उसके मोबाइल फोन और उससे जुड़े संपर्कों की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां उन फोन नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही हैं, जिनके जरिए आरोपियों के बीच संपर्क होने की आशंका है।
सूत्रों के मुताबिक चिनहट पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो अलग-अलग जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
यह मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है, क्योंकि आरोपियों में एक पुलिस अधिकारी और एक केंद्रीय बल का अधिकारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द बड़ा खुलासा करने का दावा कर रही है।


