– एनडीए नेताओं संग बैठक से लेकर शक्ति केंद्र सम्मेलन तक व्यस्त रहेगा दिन
लखनऊ। नितिन नबीन आज राजधानी लखनऊ के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और एनडीए सहयोगी दलों के साथ समन्वय को लेकर कई अहम कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
कार्यक्रम के अनुसार, नितिन नवीन सबसे पहले एनडीए के नेताओं के साथ ताज होटल में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक समन्वय और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। बैठक में एनडीए के घटक दलों के प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रहेगी।
इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
दोपहर बाद बसंत कुंज में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन में नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में बूथ और शक्ति केंद्र स्तर के संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रम तथा आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिए जाने की संभावना है।
भाजपा संगठन के लिए बूथ स्तर को सबसे मजबूत इकाई माना जाता है। इसी क्रम में नितिन नवीन सम्मेलन के बाद बूथ अध्यक्ष शिवा जी रावत के आवास भी जाएंगे, जहां वे कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुझाव लेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और एनडीए सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार, पूरे दिन विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी।


