36.9 C
Lucknow
Sunday, July 5, 2026

पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के विरोध में आज जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान

Must read

– तहसीन पूनावाला ने दी चेतावनी

दिल्ली। पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण (ब्लेंडिंग) की नीति के विरोध में आज दोपहर 2 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किए जाने की घोषणा की गई है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व तहसीन पूनवाला करेंगे।

तहसीन पूनावाला ने कहा है कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण के मुद्दे को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने के लिए जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया गया है। उनका आरोप है कि यदि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन की अनुमति नहीं देती है, तो वे समर्थकों के साथ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

पूनावाला का कहना है कि यह प्रदर्शन आम उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन की अनुमति देने की मांग भी की है।

फिलहाल दिल्ली पुलिस की ओर से प्रदर्शन को लेकर आधिकारिक अनुमति या सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। यदि प्रदर्शन आयोजित होता है, तो जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की संभावना है।

गौरतलब है कि भारत में सरकार चरणबद्ध तरीके से पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने की नीति पर काम कर रही है। सरकार का कहना है कि इससे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम होगी, किसानों को लाभ मिलेगा और प्रदूषण में कमी आएगी। वहीं, इस नीति को लेकर समय-समय पर विभिन्न पक्षों की ओर से समर्थन और विरोध दोनों देखने को मिलता रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article