38 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026
Home Blog Page 60

अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, हालत नाजुक

0

अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना अमृतपुर क्षेत्र के नगला हूशा के पास पेट्रोल पंप के सामने आज एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान समरपाल पुत्र रामदास निवासी महौलिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गेहूं खादने के उद्देश्य से नदी पार जा रहा था। जैसे ही वह नगला हूशा स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस द्वारा घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश के लिए क्षेत्र में जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर सख्ती, 17 हजार का चालान,नियम न मानने पर आरसी सस्पेंड की चेतावनी

0

 

 

फर्रुखाबाद। जनपद में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने मोडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत तथा यातायात प्रभारी सतेन्द्र कुमार की संयुक्त टीम ने रोडवेज बस अड्डे के आसपास सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
अभियान के दौरान टीम ने कुल 54 वाहनों की जांच की, जिसमें साइलेंसर और ध्वनि प्रदूषण के मानकों की विशेष रूप से जांच की गई। इस दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल मोडिफाइड साइलेंसर के साथ पकड़ी गई, जो निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि उक्त वाहन का बीमा वर्ष 2020 से समाप्त हो चुका था। इस पर सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन का चालान किया गया और उस पर 17 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
प्रशासन ने वाहन स्वामी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह तत्काल साइलेंसर को मानक के अनुरूप ठीक कराकर एआरटीओ कार्यालय में निरीक्षण कराएं। यदि निर्धारित समय में वाहन को सही कराकर निरीक्षण नहीं कराया गया, तो उसकी आरसी (पंजीकरण प्रमाणपत्र) सस्पेंड कर दी जाएगी। अधिकारियों ने साफ किया कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस कार्रवाई से पहले 18 अप्रैल 2026 को एआरटीओ कार्यालय फर्रुखाबाद में एआरटीओ प्रशासन कृष्ण कुमार यादव की अध्यक्षता में वाहन डीलर्स, मोटर गैराज और वर्कशॉप संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में सभी संबंधित संचालकों को सख्त हिदायत दी गई थी कि किसी भी वाहन में मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न या हूटर लगाने का कार्य न करें। यदि कोई डीलर या गैराज ऐसा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत प्रति उल्लंघन एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
इसके साथ ही एआरटीओ प्रशासन द्वारा विभिन्न मोटर गैराजों का निरीक्षण भी किया गया, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न केवल आर्थिक दंड बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न या हूटर लगाने जैसे कृत्य कानूनन अपराध की श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में तीन माह तक के कारावास या 10 हजार रुपये तक के जुर्माने अथवा दोनों का प्रावधान है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध संशोधन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे सड़क सुरक्षा के साथ-साथ ध्वनि प्रदूषण पर भी नियंत्रण रखा जा सके।

कुठला झील पर भव्य मेले का आयोजन, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

0

 

अमृतपुर फर्रुखाबाद

 

अमृतपुर क्षेत्र के कुठला झील परिसर में आज भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। मेले में खानपान से लेकर घरेलू उपयोग की वस्तुओं तक की अनेक दुकानें सजाई गईं। टिक्की-चाट, समोसा, प्रसाद एवं अन्य सामग्री की दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ देखने को मिली।
मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने ब्रह्मदेव के स्थान पर माथा टेककर सुख-समृद्धि एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। नगला हूशा निवासी अखिलेश शुक्ला ने बताया कि यह मेला आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि लगभग 70 वर्ष पूर्व पूर्वजों द्वारा यहां ब्रह्मदेव की स्थापना कराई गई थी, तभी से प्रतिवर्ष यहां मेला आयोजित होता आ रहा है।
मेले में दूर-दूर से आए लोगों ने खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया। बच्चों एवं युवाओं के लिए झूले लगाए गए थे, जिनका लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। साथ ही, जिन श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, उनके द्वारा ब्रह्मदेव स्थल पर नृत्य-गान का आयोजन भी कराया जाता है।
मेले की व्यवस्थाओं की देखरेख में रामदास, अध्यक्ष रामजी अवस्थी, रणवीर यादव, गुड्डू मिश्रा सहित अन्य स्थानीय लोग सक्रिय रूप से जुटे रहे।
इसी दौरान मेले के निकट गौ रक्षक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा “गौ रक्षा सम्मान आह्वान अभियान” के अंतर्गत एक कैंप भी लगाया गया। कैंप में लोगों से हस्ताक्षर कराकर आगामी 27 अप्रैल को अमृतपुर तहसील में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया गया।
गौ रक्षक शिवम् अवस्थी ने बताया कि गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध एवं गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर सभी तहसीलों में प्रातः 11 बजे संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अभियान के प्रचार-प्रसार को लेकर कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर जनसंपर्क कर रहे हैं। इस कार्य में अनु दुबे का भी विशेष सहयोग बताया गया।

भीषण गर्मी में बढ़े अग्निकांड का खतरा, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

0

 

फर्रुखाबाद

जनपद में ग्रीष्म ऋतु की शुरुआत के साथ ही आग लगने की घटनाओं में तेजी आने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में गेहूं की कटाई के बाद खेतों में आग लगने की घटनाएं हर वर्ष सामने आती हैं, जिससे न केवल किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता है बल्कि जन-धन की हानि का भी खतरा बना रहता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, फर्रुखाबाद, अरूण कुमार सिंह ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि फसल कटाई के बाद खेतों में अवशेष जलाना आग की बड़ी वजह बनता है, इसलिए इसे पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। तेज हवाओं के दौरान चूल्हे या भट्ठी का उपयोग करने से भी आग फैलने का खतरा बढ़ जाता है। साथ ही जलती हुई माचिस, बीड़ी या सिगरेट को इधर-उधर फेंकना भी खतरनाक साबित हो सकता है। खाना बनाते समय ढीले या पॉलिस्टर के कपड़े पहनने से आग पकड़ने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए सावधानी जरूरी है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि घरों में गैस सिलेंडर और ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए तथा बिजली के उपकरणों जैसे पंखा, कूलर, एसी, फ्रिज आदि की नियमित जांच कराई जाए। एमसीबी (MCB) लगवाना भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं को रोका जा सके। बच्चों की पहुंच से माचिस, पटाखे और अन्य खतरनाक वस्तुएं दूर रखने की भी हिदायत दी गई है।
सार्वजनिक स्थलों, ट्रेनों और बसों में ज्वलनशील पदार्थ ले जाने पर भी रोक लगाने की अपील की गई है। किसी भी भवन में आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय निकटतम सुरक्षित निकास मार्ग का उपयोग करने, सीढ़ियों और गलियारों को अवरुद्ध न रखने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई व्यक्ति पीछे न छूटे। यदि कपड़ों में आग लग जाए तो “स्टॉप, ड्रॉप एंड रोल” तकनीक अपनाने की सलाह दी गई है। धुएं से बचाव के लिए नीचे झुककर चलने और मुंह को गीले कपड़े से ढकने को भी कारगर बताया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि ट्रांसफार्मर के आसपास कम से कम तीन मीटर क्षेत्र तक फसल की कटाई समय से पहले कर ली जाए, जिससे आग फैलने की संभावना कम हो सके। आग लगने की किसी भी घटना में तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचित करना अत्यंत आवश्यक बताया गया है। पेट्रोलियम पदार्थों से लगी आग को बुझाने के लिए पानी के बजाय बालू या फायर एक्सटिंग्विशर का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने आपातकालीन सेवाओं के टोल फ्री नंबर—102 और 108 (स्वास्थ्य सेवा), 112 (पुलिस), 101 (अग्निशमन) तथा 1077 (आपदा प्रबंधन) को याद रखने की अपील की है। इसके अतिरिक्त जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर और फायर स्टेशन फतेहगढ़ के दूरभाष नंबर भी सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की जागरूकता और सहयोग से ही अग्निकांड जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। सभी से अपील की गई है कि इन सावधानियों का पालन करते हुए स्वयं भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। जनहित में जारी इस एडवाइजरी को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है, ताकि भीषण गर्मी के इस मौसम में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

काली नदी हत्याकांड का खुलासा—इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी ने की थी युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

0

फर्रुखाबाद। काली नदी के पास मिले अज्ञात युवती के शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने युवती की हत्या करने वाले आरोपी को आलाकत्ल चाकू, गमछा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले के खुलासे में एसओजी टीम और जहानगंज थाना पुलिस की अहम भूमिका रही।
घटना का खुलासा करते हुए अरुण कुमार (अपर पुलिस अधीक्षक) ने पुलिस लाइन सभागार में बताया कि कुछ दिन पूर्व थाना जहानगंज क्षेत्र में काली नदी के पास एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शिनाख्त हेतु फतेहगढ़ मोर्चरी में रखवाया था।
जांच के दौरान मृतका की पहचान जनपद कन्नौज के कोतवाली छिबरामऊ क्षेत्र की निवासी के रूप में हुई। इसके बाद मृतका के भाई की तहरीर पर थाना जहानगंज में आरोपी अनीस पुत्र वीरेन्द्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान नामजद अभियुक्त अनीस को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, गमछा और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी अनीस ने बताया कि उसका युवती से पिछले 2-3 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram के माध्यम से शुरू हुआ था। हाल ही में युवती किसी अन्य युवक से बात करने लगी थी और उसने अनीस का नंबर ब्लॉक कर दिया था। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने कई बार उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने बात करने से इनकार कर दिया।
घटना वाले दिन 17 अप्रैल को आरोपी अपने घर से चाकू लेकर निकला और मास्क लगाकर युवती के घर के बाहर पहुंचा। बहाने से उसे आखिरी बार बात करने के लिए अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर काली नदी पुल (छिबरामऊ-जहानगंज रोड) के पास झाड़ियों में ले गया। वहां कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर उसने युवती के गले पर 2-3 बार चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बेटी को बरगलाकर दामाद ने हड़पी संपत्ति, 65 वर्षीय बुजुर्ग दर-दर भटकने को मजबूर

0

शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र से एक बेहद मार्मिक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक 65 वर्षीय बुजुर्ग अपनी ही संतान और दामाद के व्यवहार से आहत होकर न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हो गया है। पीड़ित बुजुर्ग ने थाना पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम कासिमपुर तराई निवासी रामकिशन (65) पुत्र राम प्रसाद ने अपने दामाद भारत सिंह पुत्र सियाराम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित के अनुसार, उसकी एकमात्र बेटी का विवाह उसने पूरे रीति-रिवाज के साथ किया था। विवाह के बाद दामाद भारत सिंह उसके घर में ही रहने लगा।
बुजुर्ग का आरोप है कि दामाद ने धीरे-धीरे उसकी बेटी को अपने प्रभाव में लेकर उसकी पूरी जमीन-जायदाद, जमा पूंजी और खेती-बाड़ी पर कब्जा कर लिया। इतना ही नहीं, पिछले तीन वर्षों से दामाद द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि जब भी वह इस अन्याय का विरोध करता है, तो दामाद गाली-गलौज करने के साथ मारपीट पर उतारू हो जाता है। हालात इस कदर बिगड़ गए कि दामाद ने बेटी को बरगलाकर बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार कराया और आखिरकार उसे घर से बेघर कर दिया।
अब बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद रखने वाला यह बुजुर्ग दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। उसने थाना शमशाबाद पुलिस को तहरीर देकर अपनी बेटी और दामाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित रामकिशन ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी संपत्ति वापस दिलाई जाए और उसे न्याय दिलाकर सुरक्षित जीवन जीने का अवसर प्रदान किया जाए।
पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने समाज में पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।