अमृतपुर फर्रुखाबाद: थाना अमृतपुर क्षेत्र के नगला हूशा के पास पेट्रोल पंप के सामने आज एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान समरपाल पुत्र रामदास निवासी महौलिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गेहूं खादने के उद्देश्य से नदी पार जा रहा था। जैसे ही वह नगला हूशा स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस द्वारा घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश के लिए क्षेत्र में जांच-पड़ताल जारी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


