अमेठी जिले में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक आयोजित की गई। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में जिले के तीन प्रमुख परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा एक ही पाली में संपन्न हुई, जिसमें कुल 563 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा के लिए रणवीर इंटर कॉलेज, आरआरपीजी डिग्री कॉलेज और केंद्रीय जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज को केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और सभी केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही, जिससे परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में कराई जा सके।
परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। ठेगहा शुकुलपुर से आईं रश्मि मौर्य ने बताया कि पिछली बार की तुलना में इस बार पेपर थोड़ा कठिन था। उन्होंने कहा कि बायोलॉजी का सेक्शन अपेक्षाकृत आसान था, जबकि केमिस्ट्री का स्तर ऊंचा और फिजिक्स थोड़ा जटिल रहा।
वहीं मुसाफिरखाना से आईं अभ्यर्थी कीर्ति ने भी पेपर को थोड़ा कठिन बताया, लेकिन यह भी कहा कि सभी प्रश्न पाठ्यक्रम के भीतर से ही पूछे गए थे। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
जिले में कुल 594 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 31 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। प्रशासन ने परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर संतोष जताया है।
अब परीक्षार्थियों की नजर आने वाले परिणाम पर टिकी है, जो उनके भविष्य की दिशा तय करेगा।


