अमेठी में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की जगह परेशानी का कारण बन गए हैं। उन्होंने इन मीटरों को ‘स्मार्ट चीटर’ बताते हुए कहा कि इससे बिजली बिल में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष अनुराग शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मांग की कि इन स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाया जाए और पारंपरिक मीटर व्यवस्था बहाल की जाए।
आप नेताओं का कहना है कि पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता पर स्मार्ट मीटर लगाकर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग इस मुद्दे पर जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष शिव प्रसाद कश्यप सहित कई कार्यकर्ता जैसे आवेश, हनफी, दीपक शुक्ला, देवास त्रिपाठी, मलखान सिंह, पूजा वर्मा, पंकज त्रिपाठी, अशोक सेन और पूनम वर्मा मौजूद रहे।
बढ़ते विरोध के बीच अब यह देखना होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं।
अमेठी में स्मार्ट मीटर के खिलाफ आप का प्रदर्शन, ‘स्मार्ट चीटर’ बताकर हटाने की मांग


