– संगठन को सक्रिय बनाने का संकल्प
फर्रुखाबाद। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय स्वराज कुटीर में संपन्न हुई, जिसमें संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक का संचालन एवं मार्गदर्शन डॉ. संदीप शर्मा के निर्देशन व संरक्षण में किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संगठित होकर प्रयास करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि देश की आज़ादी में योगदान देने वाले परिवारों के सम्मान, अधिकारों और सुविधाओं को सुनिश्चित कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए समिति को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाना समय की आवश्यकता है।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें चंद्र प्रकाश दीक्षित को अध्यक्ष, पीयूष दुबे को उपाध्यक्ष, संजीव तिवारी को महामंत्री, सुधीर कटियार को कोषाध्यक्ष, प्रिंस सक्सेना को मीडिया प्रभारी तथा दीपक मिश्रा को सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अतिरिक्त भुवनेश्वर वर्मा को संयुक्त मंत्री, यश गुप्ता को उप मंत्री और बृज किशोर द्विवेदी को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने, समिति को सशक्त बनाने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के वंशजों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि समिति समाज में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए हर स्तर पर वंशजों की समस्याओं को उठाएगी और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर तक आवाज बुलंद करेगी।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुटता का संदेश देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का भरोसा जताया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वंशज कल्याण समिति की नई कार्यकारिणी गठित


