लखनऊ के अंधे चौकी सिकरौरी क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में 53 वर्षीय दुकानदार राजू की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह जॉगर्स पार्क चौराहे के पास अपनी दुकान बंद कर सामान खरीदने के लिए कानपुर बाईपास की ओर जा रहे थे। लौटते समय सड़क पार करते वक्त एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजू करीब 15 फीट दूर जाकर सिर के बल गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी आमिना का निधन वर्ष 2023 में बीमारी के कारण हो चुका था। अब इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। उनके दो बेटे साहिल और सुहान तथा एक बेटी सुहाना हैं, जो इस अचानक हुई घटना से सदमे में हैं।
पुलिस ने मृतक के बेटे साहिल की शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वरिष्ठ उप निरीक्षक राकेश पटेल ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है।
मृतक राजू मूल रूप से माल क्षेत्र के नबी पनाह हसनापुर के रहने वाले थे और इलाके में दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिवार को न्याय दिलाने के लिए जांच तेज कर दी गई है।


