– 16 मुकदमों वाला बदमाश पुलिस की गोली से घायल
कंपिल/फर्रुखाबाद। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कंपिल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और दिल्ली से चोरी की गई बाइक बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार कंपिल-अलीगंज मार्ग स्थित कटिया चौराहे के पास थाना पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक की गति बढ़ाकर भाग निकला। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया और घेराबंदी शुरू कर दी।
बताया गया कि खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान रविदास उर्फ करिया निवासी मोहल्ला शेखाना, कोतवाली कन्नौज के रूप में हुई है। उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के पास से बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी। तलाशी के दौरान एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रविदास उर्फ करिया कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट समेत 16 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुट गई है।
इस मुठभेड़ को लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि पुलिस ने एक ऐसे अपराधी को दबोचा है जो लंबे समय से कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर उसके पूरे आपराधिक इतिहास की पड़ताल शुरू कर दी है।


