27 C
Lucknow
Sunday, May 3, 2026

मेधावी छात्रों को मिला सम्मान

Must read

 

सपा मुखिया ने बांटे लैपटॉप, मुफ्त शिक्षा का किया वादा

लखनऊ

राजधानी स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में रविवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां अखिलेश यादव ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने और समाज के अन्य लोगों को भी अपने ज्ञान से लाभान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि छात्रों की इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता और शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है, जिनके परिश्रम और मार्गदर्शन से ही बच्चे इस मुकाम तक पहुंचते हैं। उन्होंने सभी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत आधार है।
इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी सरकार की भविष्य की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में कन्या विद्याधन योजना शुरू की गई थी, जिसके तहत लड़कियों की शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती थी। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे हर वर्ग के बच्चों को समान अवसर मिल सके।
समारोह में मलिहाबाद की छात्रा उन्जिला फातिमा को 97 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया, वहीं क्राइस्ट चर्च कॉलेज लखनऊ की दिव्यांग छात्रा सारा मोईन, जिन्होंने 98.75 प्रतिशत अंक हासिल किए, को भी विशेष सम्मान दिया गया। सारा मूक-बधिर होने के साथ-साथ दृष्टिबाधित भी हैं, बावजूद इसके उन्होंने कठिन परिस्थितियों को पार करते हुए शानदार सफलता हासिल की। इस उपलब्धि पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उनके शिक्षक को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मेरठ जनपद के सरधना क्षेत्र से विधायक अतुल प्रधान के सहयोग से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 25 टॉपर छात्र-छात्राओं को भी लैपटॉप वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त लखनऊ की अनन्या यादव को राजनीतिक विज्ञान में 100 में 100 अंक प्राप्त करने और सीतापुर की अंकिता यादव को प्रदेश में पांचवां स्थान हासिल करने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। निकिता ने कविता पाठ किया, जबकि दिव्यांशी शर्मा ने अपनी पढ़ाई के लिए सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों और अतिथियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मोहिबुल्ला नदवी, राजेन्द्र चौधरी, श्याम लाल पाल, अरविन्द सिंह गोप, रविदास मेहरोत्रा समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article