नवाबगंज। थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में लेखपाल हाथों में काली पट्टी बांधकर पहुंचे। लेखपाल पवन सिंह, नरेश कुमार, रविकांत आर्य, सुमित कुमार, मोहित गुप्ता समेत अन्य लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अपने विरोध प्रदर्शन के जरिए शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित किया।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चरणबद्ध आंदोलन के तहत लेखपालों ने यह विरोध प्रदर्शन किया। संघ की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, लेखपाल विभिन्न मांगों को लेकर अलग-अलग चरणों में आंदोलन कर रहे हैं। लेखपालों का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड पे की मांग, वेतन विसंगतियों को दूर करने, अंतरमंडलीय स्थानांतरण, पदोन्नति सूची जारी करने और रिक्त पदों पर भर्ती समेत कई मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा लेखपालों ने तकनीकी कार्यों के लिए लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने, तकनीकी पद घोषित करने तथा ग्राम सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने की मांग भी उठाई है।
लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर काम करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान के लिए संघ के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन जारी रहेगा।


