दिल्ली
भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को शनिवार रात हुई बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण कुछ राहत मिली है। अचानक बदले मौसम ने जहां चढ़ते पारे पर ब्रेक लगाया, वहीं लोगों ने झुलसाती गर्मी से अस्थायी राहत की सांस ली। बीते 24 घंटे में 0.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम थोड़ा सुहावना हो गया।
हालांकि रविवार को मौसम ने फिर करवट ली और तेज धूप व गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर लोग गर्मी और उमस से परेशान नजर आए, जबकि शाम के समय गर्म हवाओं ने हालात और कठिन कर दिए।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में दक्षिण-पूर्वी हवाएं 10 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं, जो बाद में और तेज हो गईं। आर्द्रता का स्तर भी काफी ऊंचा रहा, जिससे गर्मी का असर और अधिक महसूस किया गया। विभाग ने रविवार को बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन कोई खास वर्षा दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 4 मई को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं (60-70 किमी प्रति घंटे तक) चलने की संभावना है। 5 मई तक हल्की बारिश और बादलों का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।
हालांकि राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। 6 मई से तापमान फिर बढ़ने लगेगा और 9 मई तक अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान कर सकती है।


