लखनऊ।पॉश इलाके में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। मामला हज़रतगंज क्षेत्र के नरही इलाके का है, जहां एक प्राइवेट गेस्ट हाउस के कमरे में युवती का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान रानी कश्यप के रूप में हुई है, जो बुद्ध विहार कॉलोनी, हजरतगंज की निवासी बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवती अपने दोस्त रजत सिंह के साथ गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी। घटना के बाद रजत सिंह की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
सूचना मिलते ही हज़रतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राथमिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। कमरे के भीतर की स्थिति, मोबाइल कॉल डिटेल और गेस्ट हाउस के रजिस्टर की एंट्री को खंगाला जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में राजधानी के गेस्ट हाउस और होटलों में संदिग्ध मौतों के मामलों में इजाफा हुआ है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है आत्महत्या, हत्या या दबाव में उठाया गया कदम—सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
गेस्ट हाउस में संदिग्ध हालात में युवती की मौत


