कन्नौज। सदर क्षेत्र में भीषण अग्निकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। मामला कन्नौज के बलायपुर पाटानाला मोहल्ले का है, जहां एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पास में बना होटल भी उसकी चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर से पहले तेज धमाके की आवाज आई, जिसके बाद चिंगारियां और आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास स्थित होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दी, लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि क्या समय रहते मेंटेनेंस और सुरक्षा उपाय किए गए थे या नहीं।
आसपास के लोगों ने बाल्टी और पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू पाना मुश्किल हो गया। बाद में दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की हालत पहले से ही खराब बताई जा रही थी। स्थानीय लोगों ने कई बार बिजली विभाग को इसकी शिकायत दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यही लापरवाही अब बड़े नुकसान में बदल गई।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
ट्रांसफार्मर बना आग का गोला: होटल जलकर राख


