41.3 C
Lucknow
Monday, June 29, 2026

ऑपरेशन बना मौत का कारण! लापरवाही से ऑपरेशन करने पर मयूर हॉस्पिटल में जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

Must read

झोलाछाप चिकित्सकों सहित अस्पताल का पूरा स्टाफ हुआ फरार, पहुंची पुलिस ने की पड़ताल
फर्रुखाबाद। मसेनी चौराहा स्थित कथित झोलाछाप मयूर हॉस्पिटल एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। प्रसव पीड़ा से अस्पताल लाई गई महिला और उसकी नवजात बच्ची की ऑपरेशन के बाद मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सकों पर गलत तरीके से ऑपरेशन करने, लापरवाही बरतने और मौत छिपाने का गंभीर आरोप लगाया। घटना के बाद अस्पताल में हंगामा हुआ तो पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान क्षेत्र के गांव बिचौला निवासी बबलू सक्सेना अपनी गर्भवती पत्नी मोहिनी को रविवार शाम करीब चार बजे प्रसव पीड़ा होने पर मसेनी चौराहा स्थित मयूर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अंकित गंगवार और डॉक्टर अरुण यादव ने महिला का ऑपरेशन किया, लेकिन ऑपरेशन के दौरान गंभीर लापरवाही बरती गई। ऑपरेशन के बाद मोहिनी ने एक बच्ची को जन्म दिया, जिसकी कुछ ही देर बाद मौत हो गई। इसके लगभग एक घंटे बाद प्रसूता मोहिनी ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने पूरी फीस वसूलने के बावजूद उन्हें यह नहीं बताया कि मोहिनी की मौत हो चुकी है। बल्कि महिला के शव को अपनी एंबुलेंस में लिटाकर यह कह दिया गया कि उसकी हालत गंभीर है और उसे किसी दूसरे अस्पताल ले जाया जाए। परिजनों को जब महिला की मौत की जानकारी हुई तो उनका गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना मिलते ही अस्पताल का पूरा स्टाफ मौके से फरार हो गया।
घटना ने एक बार फिर मसेनी चौराहा क्षेत्र में संचालित कथित झोलाछाप अस्पतालों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बिना पर्याप्त संसाधनों और मानकों के कई निजी अस्पताल संचालित हो रहे हैं, जहां मरीजों की जान जोखिम में डालकर इलाज किया जाता है। लोगों में यह चर्चा भी है कि ऐसे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई न होने से उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर यदि चिकित्सकीय लापरवाही या अन्य दोष सामने आते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article