नवाबगंज। थाना क्षेत्र के गांव नगला चंदन में तेज रफ्तार और कथित लापरवाही से चल रही बुलेरो पिकअप की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार जनपद मैनपुरी के थाना विछवां क्षेत्र के गांव साठिया निवासी रोहित कुमार की पत्नी शिवानी अपने दो वर्षीय पुत्र रियांश के साथ करीब 15 दिन पूर्व अपने मायके थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव नगला चंदन आई हुई थीं। बताया गया कि बुधवार 4 जून की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मासूम रियांश घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान गांव धूरीहार निवासी सनोज कुमार अपनी बुलेरो पिकअप से दूध लेने के लिए नगला चंदन पहुंचा था।
परिजनों का आरोप है कि चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। इसी दौरान वाहन ने बाहर खेल रहे मासूम रियांश को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि गंभीर रूप से घायल हुए मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला, जबकि परिजन और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
दो वर्षीय बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां शिवानी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों में भी कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल छा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मृतक के घर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। मृतक के पिता रोहित कुमार की तहरीर के आधार पर गांव धूरीहार निवासी पिकअप चालक सनोज कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से दो वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम


