नवाबगंज। थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर युवक को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नगर की बरतल वाली गली निवासी अखिलेश कुमार 4 जून की रात लगभग साढ़े नौ बजे चौराहे से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बरतल निवासी देवेन्द्र और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अभद्र भाषा का विरोध किया तो देवेन्द्र और उसके साथ मौजूद लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अखिलेश कुमार घायल हो गए। मारपीट के दौरान आरोपियों ने जानमाल की धमकी भी दी और उसके बाद मौके से चले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने घायल को उपचार दिलाया और मामले की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने देवेन्द्र और अमन शाक्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुरानी रंजिश में युवक से मारपीट, विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज


