फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बबैना गांव में एक सनसनीखेज घटना मे महिला और उसके बेटे पर परिवार के मुखिया की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान रामकुमार शाक्य के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामकुमार शाक्य लंबे समय से शराब की लत के शिकार थे। बताया जा रहा है कि उनकी शराबखोरी और परिवार की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की आदत से पत्नी अनुपम और पुत्र अनुराग बेहद परेशान थे। आरोप है कि बीती रात रामकुमार नशे की हालत में घर पहुंचे, जिसके बाद परिवार में विवाद बढ़ गया।
परिजनों के अनुसार रामकुमार ने हाल ही में एक भैंस बेचकर प्राप्त रकम का बड़ा हिस्सा शराब में उड़ा दिया था। घटना वाले दिन भी वह शराब पीकर देर रात घर पहुंचे थे। इसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक रूप ले गई।
आरोप है कि पत्नी और बेटे ने डंडों से रामकुमार की जमकर पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई आकाश ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। कमर से लेकर घुटनों तक शरीर पर नीले निशान दिखाई दिए, जबकि दोनों पैरों में भी गंभीर चोटें बताई जा रही हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि होगी। घटना से पूरे गांव में चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


