41 C
Lucknow
Monday, May 18, 2026

संदिग्ध हालात में युवक की मौत से सनसनी, परिवार में मचा कोहराम

Must read

फर्रुखाबाद। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बजरिया मोहल्ले में एक 25 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बजरिया निवासी अभिषेक रविवार देर रात अचानक घर में ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन बिना समय गंवाए उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक के परिजनों ने बताया कि अभिषेक पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान नजर आ रहा था। वह अजीब तरह की बातें कर रहा था और सामान्य व्यवहार नहीं कर रहा था। हालांकि, उसकी हालत इतनी गंभीर हो जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।
बताया गया है कि अभिषेक अविवाहित था और फिलहाल कोई काम नहीं करता था। उसकी अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article