41 C
Lucknow
Monday, May 18, 2026

ट्रैक्टर की टक्कर से चार बाइक सवार घायल, महिला जिला अस्पताल रेफर

Must read

मोहम्मदाबाद| क्षेत्र के बोहरीकपुर रोड स्थित सतगुरु पब्लिक हाई स्कूल के सामने सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खेत से सड़क पर चढ़ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 108 एंबुलेंस और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद भेजा गया।

जानकारी के अनुसार शंकरपुर निवासी प्रेम चंद्र का 33 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र अपनी बाइक से अपनी बुआ संजू पत्नी रिंकू (38), उनके एक वर्षीय पुत्र रियांश तथा बुआ की भाभी बबली देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश सिंह (40) को थाना शमशाबाद क्षेत्र के गांव सुतहड़ी छोड़ने जा रहा था। बताया जा रहा है कि सभी लोग पारिवारिक कार्य से गांव जा रहे थे। इसी दौरान सतगुरु पब्लिक हाई स्कूल के सामने खेत से सड़क पर आ रहे एक ट्रैक्टर ने अचानक बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर चालक खेत की जुताई करने के बाद तेज गति और लापरवाही से सड़क पर चढ़ा, जिससे सामने से आ रही बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी तथा घायलों की मदद में जुट गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद में तैनात डॉ. जितेंद्र यादव और अन्य चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के मुताबिक हादसे में घायल बबली देवी को अधिक चोटें आई हैं, जिनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी रहा। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे की हालत फिलहाल सामान्य है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर चालक की लापरवाही सामने आने पर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ाई जाए ताकि इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article