27 C
Lucknow
Wednesday, May 13, 2026

तेज रफ्तार रोडवेज बस बनी काल, साइकिल से जा रहे किसान की मौके पर मौत

Must read

फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध किसान की जान चली गई। तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने किसान को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना जहानगंज क्षेत्र के गांव नगला खुरु निवासी 63 वर्षीय बलीसिंह पुत्र स्वर्गीय महाराम खेती-बाड़ी कर परिवार का गुजर-बसर करते थे। परिवार में उनके तीन पुत्र रामवीर, ओमवीर और चंद्रभान हैं। बताया गया कि शनिवार की शाम वह साइकिल से अपने पुराने गांव गाजियापुर मदनपुर की ओर जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बलीसिंह मोहम्मदाबाद के निकट दीपक ढाबा के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही फिरोजाबाद डिपो की रोडवेज बस ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध किसान कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से भाग निकला।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल किसान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार रोडवेज बस और चालक की तलाश में जुट गई है। वहीं ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत किए जाने की मांग उठाई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article