– पुलिस ने आरोपी को दबोचा
फर्रुखाबाद। जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात हुईं , जहां एक बेटे ने ही अपने बुजुर्ग पिता की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस नें आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मामला मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव अर्हा पहाड़पुर का है, जहां पारिवारिक विवाद और शादी को लेकर चल रही तनातनी ने आखिरकार खून-खराबे का रूप ले लिया।
जानकारी के मुताबिक करीब 70 वर्षीय रामसनेही पाल अपने बेटों अनिल और ओमकार के साथ घर में रहते थे। बीती रात लगभग 11 बजे घर के अंदर ही विवाद इतना बढ़ गया कि बेटों ने पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़े बेटे ओमकार को हिरासत में ले लिया। फील्ड यूनिट ने मौके से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच तेज कर दी गई है।
शादी बना विवाद की जड़, बिखरा परिवार जांच में सामने आया है कि परिवार लंबे समय से आपसी कलह से जूझ रहा था। ओमकार की शादी पहले हो चुकी थी लेकिन उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। वहीं अनिल की दो शादियां हो चुकी थीं पहली पत्नी ने आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई। इन घटनाओं के बाद परिवार में तनाव लगातार बढ़ता गया।
सूत्रों के अनुसार अनिल अपने पिता रामसनेही पर लगातार शादी कराने का दबाव बना रहा था, जबकि बुजुर्ग पिता इसके लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि रामसनेही का तर्क था कि घर की परिस्थितियों में बहू टिक नहीं पा रही है, इसलिए वे दोबारा शादी कराने के पक्ष में नहीं थे। यही विवाद धीरे-धीरे हिंसक रूप लेता गया।
बुजुर्ग पिता संभाल रहे थे बिखरा घर परिवार की स्थिति यह थी कि पत्नी के निधन के बाद रामसनेही ही दोनों बेटों का सहारा थे। वे खुद खाना बनाकर बेटों का पालन-पोषण कर रहे थे। लेकिन जिन बेटों को उन्होंने सहारा दिया, उन्हीं ने उनकी जिंदगी खत्म कर दी यह तथ्य पूरे इलाके में चर्चा और आक्रोश का विषय बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आ रही है। हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या के तरीके और समय को लेकर और स्पष्टता सामने आएगी।
रिश्तों का कत्ल: शादी के विवाद में बेटे ने बुजुर्ग पिता को उतारा मौत के घाट


