26 C
Lucknow
Thursday, May 7, 2026

महाराणा प्रताप मूर्ति अनावरण की तैयारियां तेज, कार्यक्रम स्थल का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Must read

फर्रुखाबाद। क्षत्रिय कुल गौरव महाराणा प्रताप की जयंती पर आयोजित होने वाले भव्य मूर्ति अनावरण कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आगामी 9 मई को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में स्थापित कराई गई महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अमला और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा पूरी सक्रियता के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के एक्सियन, खंड विकास अधिकारी श्याम कुमार, रोडवेज के एआरएम राजेश कुमार तथा अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर वीरेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे। अधिकारियों ने बस स्टैंड परिसर पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए तेजी से कार्य कराया जा रहा है। आयोजन स्थल पर लगभग एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोग आराम से कार्यक्रम में शामिल हो सकें। इसके साथ ही पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
बताया गया कि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के दो मंत्री मुख्य रूप से शामिल होंगे। जयवीर सिंह एवं जिले के प्रभारी मंत्री के साथ दयाशंकर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे और महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मंत्रियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि महाराणा प्रताप केवल एक समाज विशेष के नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव और शौर्य के प्रतीक हैं। उनकी जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा देगा। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।
कार्यक्रम को लेकर शहर में भी उत्साह का माहौल दिखाई दे रहा है। बस स्टैंड परिसर को सजाने-संवारने का कार्य तेजी से चल रहा है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन और आयोजकों का दावा है कि यह कार्यक्रम जिले के प्रमुख आयोजनों में शामिल होगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article