33 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

देश सेवा के साथ मानवता की मिसाल बने आर्मी जवान, लोहिया अस्पताल में किया रक्तदान

Must read

फर्रुखाबाद। देश की सीमाओं पर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करने वाले भारतीय सेना के जवान हर परिस्थिति में समाज के लिए प्रेरणा बने रहते हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को राजपूत रेजीमेंट के जवानों ने मानवता और सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश करते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल की ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया। रेड कास्ट सोसाइटी के तहत आयोजित इस शिविर में सेना के जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर लोगों को जीवन बचाने का संदेश दिया।
सुबह से शुरू हुए रक्तदान शिविर में दोपहर 12 बजे तक 14 जवान रक्तदान कर चुके थे, जबकि शाम तक यह संख्या 20 से 25 तक पहुंचने की संभावना जताई गई। जवानों के उत्साह और सेवा भावना को देखकर अस्पताल कर्मियों सहित आम लोग भी प्रभावित नजर आए।
इस अवसर पर राजपूत रेजीमेंट के सूबेदार अशोक पाठक, सूबेदार सवाई सिंह तथा हवलदार मुकेश ने स्वयं रक्तदान किया और लोगों को भी नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। जवानों ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है।
सूबेदार अशोक पाठक ने बताया कि सेना हमेशा देश सेवा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभाती है। उन्होंने कहा कि रक्त की कमी से कई मरीजों की जान पर बन आती है, ऐसे में स्वस्थ लोगों को आगे आकर रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती बल्कि यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है।
रक्तदान शिविर के दौरान अस्पताल प्रशासन ने भी सेना के जवानों की सराहना की। चिकित्सकों ने कहा कि सेना के जवानों द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे अन्य लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
शिविर में मौजूद लोगों ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले जवान अब लोगों की जिंदगी बचाने के लिए भी आगे आ रहे हैं, जो समाज के लिए गर्व की बात है। सेना के जवानों के इस सेवा कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article