फर्रुखाबाद। डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ उमड़ने से स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा गईं। ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए लंबी कतारों के बीच अव्यवस्था फैल गई, जिससे नाराज महिलाओं ने पर्चा काउंटर पर हंगामा शुरू कर दिया।
सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती गई, जिसके चलते पर्चा काउंटर पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। काफी देर तक पर्चा न बनने और लाइन में धक्का-मुक्की से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जोरदार विरोध जताया।
स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद मामला शांत कराया गया और महिलाओं व पुरुषों की अलग-अलग लाइन लगवाकर पर्चे बनवाने की व्यवस्था की गई, तब जाकर स्थिति कुछ हद तक सामान्य हो सकी।
इसी बीच पैथोलॉजी लैब और चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भी मरीजों की भारी भीड़ के चलते धक्का-मुक्की होती रही। कई मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गईं।
अस्पताल में अव्यवस्था को लेकर मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि बढ़ती मरीजों की संख्या के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया जा रहा है, जिससे आए दिन इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं।
लोहिया अस्पताल में उमड़ी भारी भीड़, पर्चा काउंटर पर महिलाओं का हंगामा, व्यवस्था चरमराई


