लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। इसके तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में आजीवन मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यात्रा के दौरान महिलाओं को आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाना होगा।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग महिलाओं को स्मार्ट कार्ड, साड़ी, मिठाई और बैग देकर सम्मानित किया तथा बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्नाव की नीता अवस्थी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अब परिवार से किराए के पैसे मांगने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 27, 28 और 29 अगस्त को हर महिला एक सहयात्री के साथ मुफ्त रोडवेज यात्रा कर सकेगी। इसके बाद 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा। योजना पर सरकार हर महीने करीब 22.50 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए रोडवेज बसों में जीपीएस और पैनिक बटन लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन देने के लिए लगातार काम कर रही है।


