प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने बुधवार रात यूपी टीईटी-2026 का परिणाम जारी कर दिया। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। वहीं, नौकरी बचाने के लिए परीक्षा में शामिल 2,68,799 कार्यरत शिक्षकों में 62,028 शिक्षक फेल हो गए हैं। सरकार इन शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है।
प्राथमिक स्तर की परीक्षा में 7,13,648 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 5,71,435 सफल रहे। इसका उत्तीर्ण प्रतिशत 80.07% रहा। उच्च प्राथमिक स्तर में 10,57,021 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें 7,59,513 सफल हुए। इस स्तर का परिणाम 71.85% रहा।
कार्यरत शिक्षकों में प्राथमिक स्तर के 1,22,405 परीक्षार्थियों में से 93,387 और उच्च प्राथमिक स्तर के 1,46,394 शिक्षकों में से 1,13,384 सफल हुए। परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 955 केंद्रों पर पांच पालियों में आयोजित हुई थी।
आयोग ने कई पालियों में हुई परीक्षा के प्रश्नपत्रों के कठिनाई स्तर में अंतर को देखते हुए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया से परिणाम तैयार किया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम, स्कोरकार्ड और कटऑफ देख सकते हैं।
फेल शिक्षकों को दो और मौके
सरकार फेल हुए कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा सीटीईटी की संशोधित परीक्षा 6 सितंबर को होगी, जिसमें यूपी टीईटी में असफल शिक्षक भी शामिल हो सकेंगे। सीटीईटी पास करने पर उनकी नौकरी पर खतरा नहीं रहेगा। विशेष टीईटी का नोटिफिकेशन सितंबर में जारी होने की उम्मीद है।


