34.5 C
Lucknow
Friday, July 10, 2026

बारिश के जलभराव में दौड़ा मौत का करंट, नोएडा में कायमगंज के बीटेक इंजीनियर आर्यन की दर्दनाक मौत

Must read

ड्यूटी पर जाते समय फिसलकर करंट प्रवाहित नाले में गिरा युवक, इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कायमगंज/फर्रुखाबाद। नोएडा में बारिश के दौरान जलभराव में दौड़ रहे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से कायमगंज निवासी 23 वर्षीय बीटेक इंजीनियर आर्यन प्रजापति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही कायमगंज नगर में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जबकि मोहल्ले में हर आंख नम नजर आई।
जानकारी के अनुसार कायमगंज नगर के कूंचा मोहल्ला निवासी आर्यन प्रजापति नोएडा की एक निजी सोलर पैनल एवं इन्वर्टर निर्माण कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। पिता के निधन के बाद उसने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक की पढ़ाई पूरी कर परिवार की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली थी। वह अपनी मां रानी का इकलौता बेटा और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को आर्यन रोज की तरह कंपनी में ड्यूटी के लिए जा रहा था। लगातार बारिश के कारण सड़क पर भारी जलभराव था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पास के नाले में जा गिरा। बताया गया कि नाले के पानी में हाई वोल्टेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आर्यन काफी देर तक पानी में तड़पता रहा, लेकिन नाले में करंट होने के कारण कोई भी व्यक्ति उसकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सका। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले बिजली विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद युवक को नाले से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसी दौरान वहां से गुजर रही कंपनी की एक महिला सहकर्मी ने आर्यन को पहचान लिया और कंपनी प्रबंधन को सूचना दी। कंपनी के कर्मचारियों ने उसके मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आर्यन अविवाहित था और अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा था। उसके असामयिक निधन से मां सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कायमगंज में उसके घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। मोहल्लेवासियों ने बताया कि आर्यन बेहद होनहार, मेहनती और मिलनसार युवक था। उसका इस तरह असमय चले जाना न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह का असहनीय दुख न झेलना पड़े।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article