मानकनगर उप डाकघर का पोस्टमैन निलंबित, पोस्टमास्टर जनरल ने लिया संज्ञान
लखनऊ। डाक सेवा में लापरवाही के एक मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। पोस्टमास्टर जनरल सुनील राय ने डाक वितरण में अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए मानकनगर उप डाकघर में तैनात पोस्टमैन बारातीलाल को निलंबित कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, मानकनगर क्षेत्र में लंबे समय से डाक वितरण में अनियमितता और शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले की जांच के बाद पोस्टमास्टर जनरल ने इसे डाक सेवा की छवि और विश्वसनीयता के लिए गंभीर मानते हुए कड़ी कार्रवाई का निर्णय लिया।
बताया गया कि पोस्टमैन द्वारा डाक समय पर वितरित न करने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करने की शिकायतें मिली थीं। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई।
पोस्टमास्टर जनरल सुनील राय ने स्पष्ट किया है कि डाक विभाग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता से जुड़े कार्यों में जिम्मेदारी और पारदर्शिता अनिवार्य है।
निलंबन के साथ ही मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





