होटल संचालक ने रिश्वत वसूली का लगाया गंभीर आरोप, पुलिस से शिकायत
कानपुर। जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र के पतारा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक लेबर इंस्पेक्टर पर 5 हजार रुपये की घूस लेने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित होटल संचालक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है।
पीड़ित होटल संचालक का आरोप है कि लेबर इंस्पेक्टर ने होटल पर पहुंचकर बच्चों द्वारा समोसा खाते समय उनकी फोटो खींच ली और इसे बालश्रम बताते हुए जेल भेजने की धमकी दी। संचालक के अनुसार बच्चे केवल खाने के लिए होटल पर आए थे, उनसे कोई काम नहीं कराया जा रहा था।
होटल संचालक का कहना है कि इसके बाद मामला रफा-दफा करने के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि यह रकम लेबर इंस्पेक्टर, सुनील मौर्य और एक कथित पत्रकार के माध्यम से वसूली गई।
पीड़ित ने पूरे घटनाक्रम को लेकर घाटमपुर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने एक बार फिर निरीक्षण और प्रवर्तन से जुड़े विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो यह गंभीर भ्रष्टाचार का मामला माना जाएगा।






