बीमारी और पारिवारिक तनाव से परेशान महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या का किया प्रयास, समय रहते परिजनों ने बचाई जान

0
122

फर्रुखाबाद। बीमारी और पारिवारिक तनाव से जूझ रही एक विवाहिता ने रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। गनीमत रही कि समय रहते परिजनों को इसकी जानकारी हो गई, जिन्होंने तुरंत महिला को नीचे उतारकर उसकी जान बचा ली। गंभीर हालत में महिला को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
मामला कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव मझोला का है। गांव निवासी सतीश चंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी कविता बीते कई दिनों से बीमार चल रही थी। बीमारी के चलते वह मानसिक रूप से भी काफी परेशान रहने लगी थी। परिजनों ने उसकी हालत को देखते हुए मायके भेजने की बात कही, ताकि वहां उसकी बेहतर देखभाल हो सके, लेकिन कविता मायके जाने के लिए तैयार नहीं थी।
बताया गया कि घटना के दिन सतीश चंद्र सुबह अपनी दुकान पर चले गए थे। इसी दौरान घर में कविता का परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद और पहले से चल रही बीमारी की परेशानी से आहत होकर कविता ने घर की दूसरी मंजिल पर बने टीन शेड में रस्सी से फांसी लगा ली।
कुछ देर बाद जब परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई तो घर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और रस्सी काटकर कविता को नीचे उतारा। तत्काल उसे इलाज के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है और उपचार जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here