नवाबगंज| विद्युत उपकेंद्र को नीम करौली से जोड़ने वाली 33000 केवीए मुख्य लाइन में गुरुवार रात करीब 1:30 बजे अचानक फॉल्ट आ गया। इस तकनीकी खराबी के चलते नवाबगंज नगर सहित उपकेंद्र से जुड़े करीब 120 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। देर रात बिजली गुल होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया।
लाइन में फॉल्ट आने के बाद विद्युत विभाग ने आपूर्ति बहाल करने के लिए कई बार लाइन चालू करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। लगातार कोशिशों के बावजूद समस्या दूर न होने पर विभाग ने लाइन को ब्रेकडाउन घोषित कर दिया। बिजली बाधित होने से लोगों की रात परेशानी में बीती। दिन में हुई बारिश के बाद रात में उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
बिजली न होने के कारण घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे लोग गर्मी और मच्छरों के प्रकोप से बेहाल रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ी। वहीं, पूरी रात बिजली न रहने से इनवर्टर जवाब दे गए और मोबाइल फोन भी डिस्चार्ज हो गए, जिससे लोगों का संपर्क प्रभावित हुआ।
शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। कई इलाकों में मोटर न चल पाने से पानी की सप्लाई बाधित रही। सुबह होते ही बिजली विभाग की टीम फॉल्ट का पता लगाने के लिए लाइन की पेट्रोलिंग में जुट गई। टीम में मंजेश कुमार, गौरव सिंह, वीर सिंह, हुकुम सिंह, अनिरुद्ध कुमार, प्रमोद कुमार और विकास कुमार शामिल रहे।
लगातार प्रयासों और घंटों की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे लाइन का फॉल्ट ठीक कर लिया गया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मुख्य लाइन की नियमित जांच और रखरखाव कराया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से बचा जा सके।


