फर्रुखाबाद। जिले में आवारा और पागल कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार सुबह फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के राजा नगला रमपुरा गांव में एक पागल कुत्ते ने 45 वर्षीय युवक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। कुत्ते के हमले में युवक की बांह का मांस तक निकल गया, जिसके बाद उसे तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों को उसकी बांह में 18 टांके लगाने पड़े।
जानकारी के अनुसार राजा नगला रमपुरा निवासी शेखर यादव (45) गुरुवार सुबह गांव की एक दुकान पर पान मसाला खरीदने गए थे। इसी दौरान एक आवारा पागल कुत्ता अचानक उन पर झपट पड़ा और उनकी बांह को अपने जबड़े में जकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शेखर करीब 10 मिनट तक कुत्ते से खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा। इस दौरान उसने उनकी बांह से मांस का एक बड़ा टुकड़ा नोच लिया।
घटना के दौरान दुकानदार और आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर डंडों से कुत्ते को भगाया। तब जाकर शेखर को उसके चंगुल से छुड़ाया जा सका। हमले में गंभीर रूप से घायल शेखर को परिजन तुरंत लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल की बांह में 18 टांके लगाए। साथ ही उन्हें टिटनेस का इंजेक्शन और एंटी-रेबीज वैक्सीन भी दी गई। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने बताया कि मरीज गंभीर हालत में लाया गया था और कुत्ते के काटने से उसकी बांह में गहरा घाव हो गया था, जिसका उपचार किया गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले बुधवार को भी जहानगंज थाना क्षेत्र में एक चार वर्षीय मासूम पर कुत्ते के हमले की घटना सामने आई थी, जिसका इलाज कानपुर में चल रहा है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आवारा कुत्तों के हमलों के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। लोहिया अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कुत्ते और बंदरों के काटने से घायल मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा और हिंसक कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


