नई तैनातियों को लेकर तेज हुई कवायद, महत्वपूर्ण चौकियों पर पोस्टिंग के लिए शुरू हुई दौड़
फर्रुखाबाद। जिले में पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव का दौर शुरू हो गया है। 24 उप निरीक्षकों के गैर जनपद स्थानांतरण के बाद कई महत्वपूर्ण पुलिस चौकियां और विभिन्न इकाइयों के प्रभारी पद रिक्त होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। इससे पुलिस महकमे में नई तैनातियों को लेकर हलचल तेज हो गई है।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर स्थानांतरित किए गए उप निरीक्षकों की गैर जनपद रवानगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस लाइन से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को क्रमवार नए जनपदों के लिए रवाना किया जा रहा है। इस फेरबदल का सबसे अधिक असर जिले की विभिन्न पुलिस चौकियों और इकाइयों पर पड़ने वाला है।
उप निरीक्षकों के स्थानांतरण के बाद पांचाल घाट, बीबीगंज, आईटीआई, खुदागंज, राजपूताना तथा अचरा जैसी महत्वपूर्ण पुलिस चौकियां खाली हो जाएंगी। वहीं दूसरी ओर थाना अमृतपुर, कोतवाली फतेहगढ़, एसओजी प्रभारी समेत पल्ला, घुमना, सरह, मंडी कायमगंज और संकिसा चौकी प्रभारी के पद पहले से ही रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में पुलिस व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग को जल्द नई तैनातियां करनी होंगी।
गैर जनपद स्थानांतरित होने वाले उप निरीक्षकों में नीतू यादव, रक्षा सिंह, सुबोध कुमार, श्याम बाबू, अच्छे लाल, चमन सिंह, विशेष कुमार, अनिल कुमार, विजय कुमार, मोहित मिश्रा, उदय सिंह, जितेंद्र कुमार, नितिन कुमार, आशु कुमार, जगभान सिंह, राहुल कुमार, अजय कुमार, विवेक कुमार सिंह, सूर्य प्रकाश उपाध्याय, रमाशंकर, विद्यासागर तिवारी, आनंद शर्मा, रामबाबू तथा मोहम्मद शहीद शामिल हैं।


