ननिहाल आए दो वर्षीय रियांश की दर्दनाक मौत से मचा कोहराम
फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगला चंदन गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। डेयरी पर दूध लेने पहुंची एक मिल्क वैन की चपेट में आने से दो वर्षीय मासूम रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों को समझाने और स्थिति सामान्य करने में करीब ढाई घंटे का समय लग गया।
जानकारी के अनुसार नगला चंदन निवासी हरेंद्र यादव डेयरी का कारोबार करते हैं। उनकी पुत्री शिवानी यादव की शादी मैनपुरी जनपद के बिछवां क्षेत्र के सटैया गांव निवासी रोहित यादव के साथ हुई है। करीब एक माह पूर्व शिवानी अपने इकलौते दो वर्षीय पुत्र रियांश के साथ मायके आई हुई थीं।
गुरुवार सुबह रियांश घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान रोजाना की तरह डेयरी पर दूध लेने एक मिल्क वैन पहुंची। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते मासूम अचानक वाहन की चपेट में आ गया। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, वैन का पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे के बाद चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया और बच्चे को बाहर निकालकर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मासूम को खून से लथपथ देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। बच्चे के मामा सुधीर यादव समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और जब उन्हें रियांश की मौत की जानकारी हुई तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों ने चालक को पकड़ लिया और थप्पड़ जड़ दिए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल सतेंद्र गंगवार ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद बबना चौकी प्रभारी अभिलाख सिंह मौके पर पहुंचे और हालात संभालने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर होने पर नवाबगंज थाने से अपराध निरीक्षक संजय कुमार राय अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन कब्जे में ले लिया।
हादसे के बाद परिजनों और पुलिस के बीच करीब ढाई घंटे तक तीखी नोकझोंक होती रही। परिजनों की मांग थी कि बच्चे के पिता रोहित यादव के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के दौरान भी काफी देर तक खींचतान और विरोध की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और कानूनी कार्रवाई पूरी कराते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इकलौते बेटे की मौत से मां शिवानी यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। नवाबगंज पुलिस का कहना है कि चालक को हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मासूम की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।


