फर्रुखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम नगला दलू में कृषि भूमि को लेकर पारिवारिक विवाद गहरा गया है। पीड़ित ने अपने ही सगे भाई समेत अन्य लोगों पर जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश, गाली-गलौज और लगातार विवाद करने का आरोप लगाते हुए समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम नगला दलू निवासी जगदीश चन्द्र ने अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसने कृषि भूमि गाटा संख्या 704/0.530 हेक्टेयर खरीदी है। आरोप है कि उसके सगे भाई विजयबहादुर, देवेन्द्र सिंह और दिनेश चन्द्र, जो स्वर्गीय जवाहर लाल के पुत्र हैं, उक्त भूमि पर कब्जा करने की नीयत से लगातार विवाद करते रहते हैं।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और अक्सर उसके साथ अभद्रता तथा गाली-गलौज करते हैं। उसने बताया कि इस संबंध में वह कई बार संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र दे चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा उसके विरुद्ध ही गलत आख्या प्रेषित कर दी जाती है, जिससे उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है।
शिकायत के अनुसार हाल ही में आरोपित भूमि पर पहुंच गए और कब्जे को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि उन्होंने नलकूप पर बैठकर शराब का सेवन किया और विरोध करने पर गाली-गलौज तथा अभद्र व्यवहार किया। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
समाधान दिवस में दिए गए प्रार्थना पत्र में जगदीश चन्द्र ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी भूमि को अवैध कब्जे से बचाने की मांग की है।
कृषि भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप, दबंग भाइयों के खिलाफ समाधान दिवस में लगाई गुहार


