फर्रुखाबाद। कंपिल क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। संदिग्ध परिस्थितियों में खेत पर बनी झोपड़ी में आग लगने से दो किसान गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव राईपुर चिनहटपुर निवासी लगभग 45 वर्षीय किसान ओमकार अपने साथी राम अवतार के साथ मक्का की फसल की रखवाली करने के लिए खेत पर बनी झोपड़ी में रविवार रात ठहरे हुए थे। देर रात किसी अज्ञात कारण से झोपड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों किसान बुरी तरह झुलस गए।
हादसा इतना भीषण था कि ओमकार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम अवतार गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे तो उन्होंने राम अवतार को दर्द से कराहते हुए पाया। इसके बाद तत्काल परिजनों को सूचना दी गई।
परिजन घायल राम अवतार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में झोपड़ी में लगी आग, दो किसान झुलसे, एक की दर्दनाक मौत


