सत्र 2026-27 की रिक्त सीटों पर मिलेगा दाखिले का मौका; पहले पूर्व पंजीकृत गैर-चयनित अभ्यर्थियों को प्राथमिकता, 16 अक्तूबर तक पूरी होगी चयन प्रक्रिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-2027 के तहत खाली सीटों पर प्रवेश के लिए पांचवें चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चौथे चरण के बाद बची सीटों को भरने के लिए पूर्व पंजीकृत गैर-चयनित अभ्यर्थियों और नए ऑनलाइन आवेदन करने वालों की शैक्षिक योग्यता के आधार पर मेरिट सूची संबंधित राजकीय आईटीआई को उपलब्ध करा दी गई है।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के विशेष सचिव और राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के अधिशासी निदेशक अभिषेक सिंह ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना रैंक कार्ड डाउनलोड कर उसका प्रिंट निकालना होगा और निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित जिले के राजकीय आईटीआई में जमा करना होगा।
पांचवें चरण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को एससीवीटी की आधिकारिक वेबसाइट www.scvtup.in पर जाना होगा। वहां उपलब्ध ‘पंचम चरण के लिए रैंक’ लिंक पर क्लिक करके पूर्व पंजीकृत या नवीन आवेदनकर्ता का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करके रैंक कार्ड प्राप्त किया जा सकेगा।
रैंक कार्ड का प्रिंट निकालने के बाद अभ्यर्थी को उस पर हस्ताक्षर करने होंगे। इसके बाद 13 से 15 अक्तूबर तक संबंधित जिले के किसी भी राजकीय आईटीआई में इसे जमा करना अनिवार्य है। विभाग ने विशेष रूप से नोडल राजकीय आईटीआई में रैंक कार्ड जमा कराने पर जोर दिया है।
प्रवेश प्रक्रिया में पूर्व पंजीकृत, लेकिन पहले किसी संस्थान में चयनित नहीं हो सके अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इन अभ्यर्थियों के लिए सीट आवंटन की कार्रवाई पूरी होने के बाद खाली बची सीटों पर नए ऑनलाइन आवेदन करने वालों की मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
इस प्रक्रिया में अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और उपलब्ध सीटों के अनुसार ट्रेड या व्यवसाय का आवंटन किया जाएगा। इससे पहले आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एक और अवसर मिलेगा, जबकि नए आवेदक भी रिक्त सीटों के सापेक्ष चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
विशेष सचिव अभिषेक सिंह के अनुसार, अभ्यर्थियों से 11 अक्तूबर तक नए विकल्प और ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थी अपने स्थायी यानी गृह जनपद या अस्थायी पते से संबंधित जिले के राजकीय आईटीआई की सीटों पर प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय अपने जिले और उपलब्ध ट्रेड के विकल्पों की जानकारी ध्यान से जांचनी चाहिए, ताकि चयन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी
जिला स्तर पर गठित चयन समिति को 16 अक्तूबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी है। चयन प्रक्रिया के बाद अनुमोदित सूची संबंधित संस्थान के सूचना पट्ट पर चस्पा की जाएगी। अभ्यर्थी अपने चयन की स्थिति जानने के लिए संबंधित राजकीय आईटीआई के सूचना पट्ट पर नजर रखें।
विभाग ने सभी राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाए। इसमें शैक्षिक योग्यता से जुड़े प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र सहित अन्य जरूरी अभिलेख शामिल हैं।
इसके अलावा संस्थानों में प्रवेश पाने वाले सभी अभ्यर्थियों का विवरण एससीवीटी पोर्टल पर अपलोड करना और सत्यापित करना अनिवार्य होगा। इसके लिए 17 अक्तूबर की रात 12 बजे तक की समय सीमा तय की गई है।


