– छत्रिय समाज के बीच बढ़ी सक्रियता ने बदले समीकरण
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने पिछले कुछ वर्षों में फर्रुखाबाद की सामाजिक और राजनीतिक संरचना पर गहरा प्रभाव छोड़ा है। विशेष रूप से क्षत्रिय समाज के बीच उनकी सक्रियता और लगातार बढ़ते जनसंपर्क ने उन्हें जिले में एक प्रभावशाली नेता के रूप में स्थापित किया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लंबे समय से जिले का क्षत्रिय समाज अपनी राजनीतिक पहचान और प्रभाव को लेकर संघर्ष करता रहा था। हालांकि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के बाद और विशेषकर जयवीर सिंह के फर्रुखाबाद के प्रभारी मंत्री का दायित्व संभालने के बाद स्थिति में बदलाव दिखाई देने लगा। उन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर भी अपने समाज के लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति अपनाई।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अपने दौरों के दौरान जयवीर सिंह केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने समाज के प्रमुख लोगों के घर पहुंचकर व्यक्तिगत संबंध मजबूत करने का प्रयास किया। सुख-दुख के अवसरों में उनकी उपस्थिति ने समाज के बीच उनके प्रति विश्वास और आत्मीयता को और मजबूत किया। यही वजह है कि आज जिले में क्षत्रिय समाज के एक बड़े वर्ग के बीच उनकी स्वीकार्यता लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जयवीर सिंह की सबसे बड़ी ताकत उनका व्यापक सामाजिक नेटवर्क है। मैनपुरी सहित पश्चिम और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उनके समाज से जुड़े प्रभावशाली लोग विभिन्न व्यवसायों और रोजगार क्षेत्रों में सक्रिय हैं। इन संपर्कों का लाभ उन्हें राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर मिलता रहा है।


