45.2 C
Lucknow
Tuesday, June 9, 2026

13 जून को जनपद भ्रमण पर प्रभारी मंत्री का दौरा

Must read

– ज्ञानेंद्र सिंह छोटे के आवास पर जायेंगे, रात्रि विश्राम सर्किट हॉउस में

फर्रुखाबाद। जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह 13 जून की देर रात झांसी दौरे से लौटने के बाद फर्रुखाबाद पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह विकास नगर स्थित भाजपा नेता ज्ञानेंद्र सिंह ‘छोटे’ के आवास पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में तैयारियां तेज हो गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रभारी मंत्री अगले दिन सुबह 10 बजे भाजपा पदाधिकारियों और नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भाजपा कोर कमेटी के साथ संगठनात्मक बैठक कर विभिन्न राजनीतिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। समीक्षा बैठक के बाद वह मीडिया से भी रूबरू होंगे।

इस बीच राजनीतिक गलियारों में एक और चर्चा तेजी से चल रही है। सूत्रों के मुताबिक प्रभारी मंत्री ने अपनी राजनीतिक छवि और बीजेपी के नाम का इस्तेमाल कर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से किए जा रहे अंदरखाने अवैध भूमि कारोबार के मामलों को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने ऐसे मामलों की जानकारी स्वयं संज्ञान में ली है और इस संबंध में स्पष्ट संदेश देने की तैयारी है कि पार्टी और सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सूत्र यह भी बताते हैं कि पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में पकड़े गए एक भाजपा नेता को प्रभारी मंत्री के कार्यक्रमों से दूर रखने के निर्देश दिए गए हैं। चर्चा है कि संबंधित व्यक्ति को कार्यक्रम में आने की अनुमति नहीं दी गई है।

प्रभारी मंत्री का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब जिले में विकास कार्यों की प्रगति, संगठन की सक्रियता और कुछ विवादित गतिविधियों को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि उनका दौरा केवल औपचारिक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठनात्मक अनुशासन और सरकार की छवि से जुड़े मुद्दों पर भी महत्वपूर्ण संदेश दे सकता है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article