मोतिहारी: मोतिहारी जिले के सिकरहना अनुमंडल में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के बल पर कई डकैती (dacoity) की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक कुख्यात अंतरजिला गिरोह (Notorious inter-district gang) का पर्दाफाश किया है। इस दौरान पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत चार डकैतो को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में कैश, अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और जेवरात बरामद किए गए हैं। यह पूरी कार्रवाई सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई है।
सिकरहना अनुमंडल के ढाका, चिरैया और आसपास के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से लगातार डकैती की आधा दर्जन से अधिक बड़ी वारदातें सामने आ रही थीं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल था। पुलिस इन मामलों की गुत्थी सुलझाने के लिए लगातार जुटी हुई थी। इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि इन वारदातों के तार पड़ोसी जिले सीतामढ़ा से जुड़े हुए हैं। तकनीकी सर्विलांस और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले इस पूरे कांड के मास्टरमाइंड सफीक मंसूरी उर्फ बंठा (निवासी सीतामढ़ी जिला) को धर दबोचा।
मास्टरमाइंड सफीक मंसूरी से कड़ाई से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य डकैतों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान तनवीर, शम्भू पासवान और अमरनाथ के रूप में हुई है। पुलिस ने इन सभी की निशानदेही पर ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाकर कई महत्वपूर्ण सामान और नकदी बरामद की है, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- नकदी: 15,50,000 रुपये भारतीय मुद्रा (पंद्रह लाख पचास हजार रुपये)
- अवैध हथियार: 01 अत्याधुनिक पिस्टल और 04 जिंदा कारतूस
- नशीला पदार्थ: 2.107 किलोग्राम चरस
- औजार: 02 लोहे की रॉड (दरवाजा तोड़ने के काम आने वाली)
- इलेक्ट्रॉनिक्स: 05 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
- चांदी के जेवरात (कुल वजन 300 ग्राम): 05 जोड़ी पायल, 02 जोड़ी लॉकेट, 01 सिकड़ी, 01 कमर की चाबी और 07 अंगूठियां
- वाहन: 01 आर15 (R15) मोटरसाइकिल
पुलिस इस सनसनीखेज खुलासे के बाद गिरोह के अन्य संभावित ठिकानों और संपर्कों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार किए गए चारों डकैतों से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है, ताकि इलाके में पूरी तरह से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।


