32.9 C
Lucknow
Tuesday, July 7, 2026

कटरी में मिला मिनी ट्रक चालक का शव, प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

Must read

 

हाथ-पैर बांधकर गड्ढे में फेंका शव, जेब में मिले मोबाइल से हुई पहचान; नगर पंचायत कार्यालय के पास खड़ी मिली डीसीएम

संवाद सूत्र, कमालगंज। थाना क्षेत्र के छीता कपूरापुर स्थित गंगा कटरी में नचकैय्या ब्रह्मदेव मंदिर के निकट पुल जाने वाले मार्ग पर सोमवार दोपहर एक युवक का हाथ-पैर बंधा शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव गड्ढे में पड़ा था और उसके ऊपर जानवरों के चारे का बोरा डाला गया था। सूचना पर थाना प्रभारी रामसहाय सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान पहले नहीं हो सकी, लेकिन उसकी लोअर की जेब से मिले एंड्रॉयड मोबाइल, 20 रुपये तथा दिल्ली के मुकुंद चौक स्थित एक पेट्रोल पंप की करीब 11 हजार रुपये की रसीद के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद शव की पहचान शाहजहांपुर जनपद के थाना जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम कुरैना निवासी 30 वर्षीय सोनेलाल पुत्र सुरेश चंद्र के रूप में हुई।

कोलकाता से लौटा था चालक, डीसीएम नगर पंचायत कार्यालय के पास मिली

परिजनों ने बताया कि सोनेलाल मिनी ट्रक (डीसीएम) चालक था। वह कोलकाता से लोहा लेकर शनिवार सुबह घर आया था। इसके बाद गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते माल लेकर गया और रविवार को वापस लौट रहा था। उसकी डीसीएम कमालगंज नगर पंचायत कार्यालय के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

प्रेम प्रसंग में हत्या की जताई आशंका

मृतक के भाई पुष्पेंद्र और मामा ने पुलिस को बताया कि सोनेलाल के एक महिला से प्रेम संबंध थे। उन्हें आशंका है कि इसी विवाद में उसकी हत्या कर शव कटरी में फेंक दिया गया। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।

एफआईआर में महिला समेत चार नामजद

मामले में मृतक के भाई पुष्पेंद्र पुत्र सुरेश चंद्र की तहरीर पर थाना कमालगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर के अनुसार अवधेश यादव, उसकी पत्नी आरती, पुत्र विशेष तथा अन्य अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि सोनेलाल का आरती से प्रेम संबंध था और इसी कारण आरोपितों ने उसकी हत्या कर शव को गड्ढे में फेंक दिया।

एफआईआर में बताया गया है कि 6 जुलाई की सुबह करीब चार बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने मृतक के मोबाइल से फोन कर घटना की सूचना दी थी। इसके बाद परिजन कमालगंज पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस जुटी जांच में

थानाध्यक्ष रामसहाय सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फोरेंसिक साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article