– मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद मुकेश राजपूत, डीएम व एसपी सहित सैकड़ो लोगों ने किया योगाभ्यास
फर्रुखाबाद। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम, फतेहगढ़ में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित जनपद के प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिसकर्मी, छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संगठन तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योग सत्र से हुआ। उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। योगाभ्यास के दौरान ताड़ासन, वज्रासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर दिए गए प्रेरणादायी संबोधन का भी श्रवण किया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में योग को मानवता के लिए भारत का अमूल्य उपहार बताते हुए इसे स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताया।
मंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मानुशासन और समग्र कल्याण का मार्ग है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर स्वस्थ जीवन जी सकता है।
सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने भी योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
कार्यक्रम में युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवा स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ भारत और निरोग भारत के संकल्प को मजबूत किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बना तथा जनपदवासियों को योग अपनाने की प्रेरणा देकर स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।


