प्रयागराज। यमुनानगर क्षेत्र के मेजा थाना अंतर्गत नीबी (कुकुरकटवा) गांव में सोमवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। एक ही परिवार के तीन बुजुर्ग सदस्यों की धारदार हथियारों से नृशंस हत्या कर दी गई। मृतकों में श्यामलाल गुप्ता उर्फ कल्लू गुप्ता (65), अमरावती देवी (55) पत्नी नेब्बू लाल तथा इन्द्रावती देवी (60) पत्नी स्वर्गीय दूधनाथ शामिल हैं। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
बताया जा रहा है कि सोमवार आधी रात के बाद तीन से चार हमलावर धारदार हथियार लेकर घर में घुसे और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों बुजुर्ग घर से बाहर भागे, लेकिन हमलावरों ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और धारदार हथियारों से वार कर मौत के घाट उतार दिया। तीनों के शव घर से करीब 20 मीटर दूर मिले। वहीं श्यामलाल की पत्नी फूलकली, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही हैं, सुरक्षित बच गईं।
घटना की सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचा तथा साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी, क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की टीमों को जांच में लगाया गया है। वहीं रामनगर पुलिस चौकी के दरोगा राम विलाश को प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मृतकों के परिजनों ने गांव के ही एक युवक हिमांशु यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी परिवार की एक युवती से जबरन शादी करना चाहता था और विरोध होने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दे चुका था। पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। प्रयागराज के एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


