26 C
Lucknow
Thursday, May 7, 2026

एलएलबी छात्र की गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव

Must read

 

ग्रेटर नोएडा
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित साकीपुर गांव में मंगलवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एलएलबी के छात्र साजन भाटी (25) की पड़ोसियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, चार दिन पहले नाली के पास कूड़ा जलाने को लेकर मृतक और आरोपी पक्ष के बीच विवाद हुआ था। उस समय गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया था, लेकिन पुरानी रंजिश ने आखिरकार हिंसक रूप ले लिया। इस घटना के बाद गांव में भारी तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, साजन मंगलवार रात एक शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा था। आरोप है कि पड़ोसी मंगेश उर्फ टिल्लू अपने परिवार के कुछ सदस्यों के साथ पहले से घात लगाकर बैठा था। जैसे ही साजन वहां पहुंचा, उस पर टिप्पणी की गई। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। इसी दौरान मुख्य आरोपी मंगेश ने तमंचे से साजन पर तीन गोलियां चला दीं। दो गोलियां उसके पेट में और एक जांघ के ऊपरी हिस्से में लगी। गंभीर रूप से घायल साजन को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

बुधवार सुबह अस्पताल में परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाम को जब साजन का शव गांव पहुंचा तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि साजन की शादी एक साल पहले ही हुई थी और उसके पिता का भी करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका था। परिवार पर लगातार दूसरी बड़ी त्रासदी आने से गांव में गहरा दुख और तनाव है।

घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसकी अवधि करीब 3 मिनट 5 सेकंड बताई जा रही है। वीडियो के अंतिम 147 सेकेंड को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें साजन आरोपियों से संघर्ष करता दिखाई देता है, लेकिन आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण वह खुद को बचा नहीं सका। गोली चलने के बाद साजन के दादा घर से बाहर आए और विरोध करने लगे। इसी दौरान आरोपी पक्ष की महिला कथित तौर पर कहती सुनाई दी, “मार दिया तेरा शेर।” यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में घटना को लेकर गुस्सा बढ़ गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंगेश उर्फ टिल्लू और उसके भाई वीर सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके पास से अवैध पिस्टल और कार बरामद की है। मृतक के भाई की शिकायत पर मंगेश, उसके भाई, मां बीरवती और अन्य परिजन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article