बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में शनिवार सुबह पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात में कल्लू उर्फ कल्याण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि कल्लू खेत पर शौच के लिए गया था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया और गोलियां बरसा दीं।
इस हमले में आरोपी पक्ष के जुगेंद्र नामक व्यक्ति के हाथ में भी गोली लगने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। वारदात के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह हत्या पूरी तरह से पुरानी दुश्मनी का नतीजा है। परिजनों के अनुसार, गांव के ही कुछ लोगों से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था। चार दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा था और समझौते की बात चल रही थी।
मृतक के भाई धर्मपाल ने बताया कि कल्लू सुबह खेत में गया था, तभी अचानक हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर गोली चला दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ नितिन कुमार और प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।


